जशपुर: जशपुर जिले के बागबहार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खाड़ामाचा में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। घरेलू झगड़े के दौरान एक युवक ने अपने सगे पिता की डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी, वहीं उसका जीजा भी हमले में शामिल रहा। घायल अवस्था में रायगढ़ अस्पताल में भर्ती कराए गए 55 वर्षीय आनंद सिंह पैंकरा की इलाज के दौरान मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार घटना 22 जून की दोपहर की है। मृतक की बेटी गीता पैंकरा और उसके पति रोहित पैंकरा (घरजमाई) के बीच कहासुनी हो रही थी। बीच-बचाव करने पहुंचे आनंद सिंह पर पहले दामाद रोहित ने डंडे से हमला किया, फिर बेटे सुनील पैंकरा (19) ने भी पिता के सिर पर वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से पीड़ित को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।रायगढ़ पुलिस की शुरुआती जांच के बाद मामला जशपुर जिले को सौंपा गया। थाना बागबहार पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 3(5) के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। जांच में प्रयुक्त दोनों डंडे जब्त कर लिए गए हैं। दोनों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!