

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए FASTag एनुअल पास अब थोड़ा महंगा होने जा रहा है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए वार्षिक पास की फीस में बढ़ोतरी कर दी है।12 मार्च को जारी आदेश के अनुसार FASTag एनुअल पास की कीमत 3000 रुपये से बढ़ाकर 3075 रुपये कर दी गई है। नई दरें 1 अप्रैल 2026 से लागू होंगी।
दरअसल, यह एनुअल पास पिछले वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुरू किया गया था, जिसे वाहन चालकों से अच्छा प्रतिसाद मिला। अब तक 50 लाख से अधिक लोग इस सुविधा का उपयोग कर चुके हैं।इस पास के जरिए निजी कार, जीप और वैन राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित टोल प्लाजा से सालभर में अधिकतम 200 बार तक गुजर सकती हैं। पास की वैधता एक साल या 200 ट्रिप में से जो भी पहले पूरी हो जाए, तक रहती है।
सरकार का उद्देश्य इस सुविधा के माध्यम से बार-बार टोल भुगतान की परेशानी को कम करना और पूरे देश में FASTag के जरिए डिजिटल टोल कलेक्शन को बढ़ावा देना है।
ऐसे खरीद सकते हैं FASTag एनुअल पास
FASTag एनुअल पास को ‘राजमार्ग यात्रा’ मोबाइल ऐप, NHAI और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से खरीदा जा सकता है। इसके लिए यूजर को FASTag से जुड़े अकाउंट में लॉग इन कर वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा।भुगतान UPI, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के जरिए किया जा सकता है। पेमेंट पूरा होने के बाद पास स्वतः FASTag से लिंक हो जाता है और आमतौर पर 24 घंटे के भीतर एक्टिव हो जाता है।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक देश में अब तक करीब 11.86 करोड़ FASTag जारी किए जा चुके हैं, जिनमें से लगभग 5.9 करोड़ FASTag वर्तमान में सक्रिय हैं और इलेक्ट्रॉनिक टोल भुगतान में इस्तेमाल हो रहे हैं।

































