

अंबिकापुर: इंदिरा फेलोशिप के तत्वावधान में “शक्ति अभियान”कार्यक्रम का आयोजन सरगुजा में किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ की प्रभारी अवंतिका तिवारी, सरगुजा से प्रीतिका विश्वकर्मा, प्रवक्ता साक्षी अग्रवाल और साइबर वॉलंटियर अतुल गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना था।
इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए इंदिरा फेलो ने भाग लिया और अपने अनुभव साझा किए। सभी ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। अवंतिका तिवारी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देते हुए कहा कि “जब महिलाएं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेंगी, तब एक सशक्त समाज की नींव मजबूत होगी।” उन्होंने इंदिरा फेलोशिप के माध्यम से महिलाओं को सामाजिक सेवा और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे आने का आह्वान किया। प्रीतिका विश्वकर्मा ने कहा कि शक्ति अभियान” का उद्देश्य महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सहायता टीमों का गठन किया जा रहा है, ताकि महिलाओं को आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग मिल सके।
साक्षी अग्रवाल ने महिलाओं की सामाजिक स्थिति को मजबूत करने पर जोर दिया और घरेलू हिंसा, लैंगिक भेदभाव तथा साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील की। साइबर वॉलंटियर अतुल गुप्ता ने महिलाओं की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर जागरूक किया। उन्होंने बताया कि डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा बेहद आवश्यक है ताकि महिलाएं ऑनलाइन धोखाधड़ी, छेड़छाड़ और साइबर अपराधों से बचाव कर सकें। उन्होंने 1930 साइबर हेल्पलाइन और 181 महिला हेल्पलाइन जैसी सेवाओं का अधिकतम उपयोग करने की सलाह दी।
इस कार्यक्रम के अंत में द्वितेंद्र मिश्रा, मधु सिंह, संध्या रवानी और हेमंत सिंहा द्वारा प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। सभी विशिष्ट अतिथियों के आशीर्वचनों के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।






















