सूरजपुर: सूरजपुर जिले के देवनगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुमेरपुर में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का सात दिवसीय विशेष शिविर भव्य समापन समारोह के साथ संपन्न हुआ। इस वर्ष शिविर की थीम “नशामुक्त समाज के लिए युवा” रखी गई थी, जिसके माध्यम से स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

समापन समारोह का आयोजन शासकीय विद्यालय के प्राचार्य  एस.पी. निषाद की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम में ग्राम के सरपंच मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने सात दिनों तक स्वयंसेवकों द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों एवं श्रमदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर युवाओं में सेवा भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं।

समारोह के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। गीत, लोकनृत्य और लघु नाटिकाओं के माध्यम से नशा मुक्ति एवं सामाजिक जागरूकता का सशक्त संदेश दिया गया, जिसने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन  दिनेश कुमार प्रजापति द्वारा किया गया।

शिविर को सफल बनाने में कार्यक्रम अधिकारी विजेंद्र कुमार सिंह एवं  मितेंद्र सिंह का विशेष योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन में स्वयंसेवकों ने ग्राम सुमेरपुर में स्वच्छता अभियान, जन-जागरूकता रैली और सामाजिक सर्वेक्षण जैसे सेवा कार्य किए।समापन अवसर पर सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को उनकी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!