

भोपाल: मध्य प्रदेश के धार जिले में सनसनी मचा देने वाली वारदात हुई है। दरअसल, यहां के राजोद थाना क्षेत्र के गोंदीखेड़ा चारण में हुए सनसनीखेज लूट और हत्या के मामले का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। इस पूरे हत्याकांड की साजिश मृतक की पत्नी प्रियंका ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है।
बता दें कि बीते 7 अप्रैल की रात मिर्ची व्यापारी देवकृष्ण पुरोहित की हत्या को पहले लूट की वारदात बताया गया था। पत्नी प्रियंका पुरोहित ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर पति की हत्या कर दी और उसे बंधक बनाकर सोने-चांदी के आभूषण व नगदी लूटकर फरार हो गए।फिर, मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया। एसपी मयंक अवस्थी के निर्देशन में एएसपी पारुल बेलापुरकर और एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन में पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट, डॉग स्क्वॉड और साइबर टीम की मदद से बारीकी से पड़ताल की गई। जांच के दौरान, पुलिस को कई अहम तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य मिले, जिससे संदेह की दिशा मृतक की पत्नी प्रियंका की ओर मुड़ गई।पूछताछ के दौरान प्रियंका ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह किया, लेकिन सख्ती और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। प्रियंका ने बताया कि उसका राजगढ़ निवासी कमलेश पुरोहित से लंबे समय से प्रेम संबंध था। पति से परेशान होकर उसने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोपी कमलेश ने अपने साथी सुरेंद्र भाटी निवासी छडावद को 1 लाख रुपये देकर देवकृष्ण की हत्या करवाई और पूरी घटना को लूट का रूप देने की योजना बनाई गई।
हत्या के बाद घर में सामान बिखेरकर लूट की झूठी कहानी रची गई ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। पुलिस ने आरोपी पत्नी प्रियंका और उसके प्रेमी कमलेश को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सह-आरोपी सुरेंद्र अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।इधर अपने इकलौते बेटे की मौत के बाद मृतक की मां लक्ष्मीबाई और बहन ज्योति सहित रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है। मृतक की माता और बहन ने बताया कि प्रियंका और देव कृष्ण का विवाह लगभग 11 साल पहले हुआ था। बाद में 2021 में प्रियंका का गौना कर ससुराल ले आए थे, लेकिन शुरू से ही प्रियंका का व्यवहार पति और घरवालों के प्रति ठीक नहीं था। वह बात-बात पर विवाद करती थी और परेशान करती थी।
उन्होंने आगे कहा कि प्रियंका, घर के लोगों से कई बार हाथापाई भी कर चुकी थी। यहां तक कि प्रियंका के दिनभर मोबाइल फोन चलाने को लेकर भी कई बार विवाद हुआ था। प्रियंका तीन-चार दिन ही ससुराल में रहती थी और विवाद करके मायके चली जाती थी।अब घटना के बाद मृतक की मां और बहन आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग कर न्याय दिलाने की मांग कर रही हैं। फिलहाल, पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।

































