

बलरामपुर: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती के अवसर पर शासकीय महाविद्यालय राजपुर में शनिवार, 13 सितम्बर को “छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा @25 उपलब्धियां एवं चुनौतियां” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती माता के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना और छत्तीसगढ़ राज्य गीत से हुई। इसके पश्चात छात्रों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मंच संचालन अंग्रेजी विभाग के सहायक प्राध्यापक मनोज खलखो ने किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जीतन राम पैकरा ने स्वागत भाषण देते हुए राज्य की उपलब्धियों और भविष्य की चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने वर्ष 2047 तक एक नए, सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण पर जोर दिया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत बूढ़ाबागीचा की सरपंच सुषमा मरावी, अध्यक्ष मंडल राजपुर जगवंशी यादव, जिला पंचायत सदस्य रविप्रताप मरावी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह मरावी और जनपद पंचायत अध्यक्ष विनय भगत ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, ग्रामीण व नगरीय योजनाओं, महिला सशक्तिकरण, किसानों की प्रगति, नक्सल मुक्त राज्य के प्रयास और सामाजिक समरसता जैसे बिंदुओं पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के अंत में सहायक प्राध्यापक अंजना टोप्पो ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का संपूर्ण स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





















