रायपुर/ बलरामपुर; छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) करुण डहरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई हत्या के एक मामले में उनकी गिरफ्तारी के बाद की गई है।

जारी आदेश के अनुसार थाना कोरंधा, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज में दर्ज अपराध क्रमांक 03/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 103(1), 115(2) और 3(5) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। इस मामले में 16 फरवरी 2026 को करुण डहरिया को गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें न्यायालय के आदेश पर जिला जेल रामानुजगंज में निरुद्ध किया गया है।

जानकारी के अनुसार यह मामला ग्राम हंसपुर, थाना कोरंधा क्षेत्र का है। बॉक्साइट के अवैध परिवहन की सूचना पर की गई जांच के दौरान तीन व्यक्तियों के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। इस दौरान 62 वर्षीय राम उर्फ रामनरेश की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई थी।घटना की रिपोर्ट कलेक्टर बलरामपुर-रामानुजगंज द्वारा शासन को भेजी गई थी, जिसके आधार पर सामान्य प्रशासन विभाग ने कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत करुण डहरिया को निलंबित कर दिया है।निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय आयुक्त, सरगुजा संभाग, अंबिकापुर निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!