अंबिकापुर:  सरगुजा में स्कार्पियो लूट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में साइबर सेल और थाना दरिमा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पूर्व में लूटी गई करीब 15 लाख रुपए की स्कार्पियो वाहन को पुलिस ने कटघोरा से लावारिस हालत में बरामद कर लिया था।

जानकारी के अनुसार अंकित सिन्हा, निवासी भट्टी रोड केदारपुर अंबिकापुर ने 10 फरवरी 2026 को थाना दरिमा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एक परिचित पंचर दुकान संचालक के माध्यम से चार लोगों ने मैनपाठ घूमने के लिए वाहन बुक किया। पुराना बस स्टैंड से चारों को बैठाकर वे मैनपाठ गए और विभिन्न स्थानों पर घुमाने के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने उल्टी आने की बात कहकर वाहन रुकवाया। गाड़ी रुकते ही पीछे बैठे व्यक्ति ने बेल्ट से उनका गला दबाने की कोशिश की। किसी तरह जान बचाकर वे गाड़ी से कूदकर सड़क किनारे गड्ढे में छिप गए। आरोपी उनका मोबाइल फेंककर स्कार्पियो (क्रमांक CG-16-CJ-5333) लूटकर फरार हो गए।पुलिस ने अपराध क्रमांक 41/25 धारा 309 (3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। नाकेबंदी के दबाव में आरोपी वाहन छोड़कर भाग निकले थे। साइबर सेल से प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गोविन्द पटेल (21 वर्ष), निवासी बसंतपुर दफाई अमलाई, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) को हिरासत में लेकर शिनाख्त कराई गई, जिसमें प्रार्थी ने उसकी पहचान की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। मामले के अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश खलखो सहित साइबर सेल और दरिमा पुलिस की टीम सक्रिय रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!