


नारायणपुर: शांतिपूर्ण एवं समृद्ध नारायणपुर” के लक्ष्य के साथ नक्सलमुक्त अबूझमाड़ की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए नारायणपुर पुलिस ने वर्ष 2026 का पांचवां नवीन सुरक्षा एवं जन सुविधा कैम्प ग्राम आदनार में स्थापित किया है। यह कैम्प थाना सोनपुर क्षेत्र के अंतर्गत घोर नक्सल प्रभावित माड़ इलाके में खोला गया है।
पुलिस द्वारा संचालित नक्सल विरोधी “माड़ बचाओ” अभियान के तहत लगातार अंदरूनी क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की पहुंच बढ़ाई जा रही है। आदनार में कैम्प स्थापना से कांदुलनार-कोरसकोड़ो-हच्चेकोटी-आदनार एक्सिस में सड़क निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों को सुरक्षा प्रदान की जाएगी। यह क्षेत्र लंबे समय से माओवादियों का आश्रय स्थल माना जाता रहा है।नवीन कैम्प जिला मुख्यालय से लगभग 76 किलोमीटर, थाना सोनपुर से 46 किलोमीटर, कांदुलनार से 17 किलोमीटर, कुरसकोड़ो से 11 किलोमीटर और हच्चेकोटी कैम्प से 6 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। कैम्प खुलने से कुमुदगुंडा, वरकोर, देवरकोर, एलूर, ताडोगुंडा, आमाकाल और आदनार सहित आसपास के गांवों में सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा, स्वास्थ्य, मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को गति मिलेगी।अबूझमाड़ का यह क्षेत्र दशकों से मुख्यधारा से कटा हुआ था। आदनार से सोनपुर होते हुए कोयलीबेड़ा (जिला कांकेर) तक सीधी सड़क कनेक्टिविटी विकसित होने से आम नागरिकों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
वर्ष 2025 में भी पुलिस ने कुतुल, कोडलियार, बेड़माकोटी, पदमकोट सहित कई अंदरूनी गांवों में सुरक्षा कैम्प स्थापित किए थे। वहीं वर्ष 2026 में जटवर, वाड़ापेंदा, कुरसकोड़ो, हच्चेकोटी और अब आदनार में नए कैम्प खोले जा चुके हैं।
पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज जगदलपुर के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुरिया, बीएसएफ की 129वीं एवं 133वीं वाहिनी, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने इस अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा के साथ-साथ विकास कार्यों को अंतिम गांव तक पहुंचाना ही अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
































