

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रायपुर से छुट्टी के बाद ड्यूटी पर लौट रहे सीआरपीएफ जवानों से भरी एक यात्री बस (पायल ट्रेवल्स) अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक जवान भी शामिल है। सभी घायलों को इलाज के लिए शहीद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के शिकारीटोला गांव के पास रात करीब 12:15 बजे हुई। जानकारी के मुताबिक, बस में लगभग 16 सीआरपीएफ जवान और करीब 15 अन्य यात्री सवार थे। जवान छुट्टी मनाकर भोपालट्टनम कैंप में अपनी ड्यूटी पर लौट रहे थे। हादसे में एएसआई सुभाष सिंह समेत एक जवान को हाथ पर गंभीर चोट आई है।
हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बस पलटने से कई जवानों का सामान और मोबाइल फोन वाहन के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया और बस को क्रेन की मदद से सीधा कराया गया।






















