


कोरिया: कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर चंदन त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिले के समस्त अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रधानपाठकों की समीक्षा बैठक बुधवार को आयोजित की गई थी।बैठक में अशासकीय विद्यालयों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि अध्यापन कार्य छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम एवं एन.सी. ई.आर.टी. की निर्धारित पुस्तकों से ही सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कक्षा 5वीं एवं 8वीं की बोर्ड परीक्षाओं की सुदृढ़ तैयारी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने यू-डाईस में शत-प्रतिशत प्रविष्टि, अध्ययनरत विद्यार्थियों के अपार आई.डी. की पूर्णता तथा एम.बी.यू. की 100 प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आर.टी.ई. के अंतर्गत चयनित बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धियों की सतत मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया गया।
’आधार अपडेशन शिविरों में अनिवार्य उपस्थिति’
जिले में संकुल स्तर पर आधार अपडेशन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि सभी विद्यार्थियों के नए आधार कार्ड बनाए जा सकें एवं त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों का सुधार हो सके। कलेक्टर ने सभी प्राचार्यों/प्रधानपाठकों को निर्देशित किया कि शिविरों में बच्चों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करें, जिससे शत-प्रतिशत एम.बी.यू. एवं अपार आई.डी. जनरेशन का लक्ष्य पूर्ण किया जा सके।राज्य शासन द्वारा निर्धारित अशासकीय विद्यालयों के नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विद्यालयों में शौचालय, पेयजल, स्मार्ट क्लास एवं अन्य सुरक्षा मानकों की अनिवार्य उपलब्धता पर विशेष जोर दिया गया।बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, सहायक संचालक जितेन्द्र कुमार गुप्ता, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी एवं विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक उपस्थित रहे।
































