बलरामपुर: जिला शिक्षा अधिकारी एम. आर. यादव के निर्देशानुसार शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, वाड्रफनगर के सभागार में विकासखंड वाड्रफनगर अंतर्गत हाई एवं हायर सेकेण्डरी विद्यालयों के प्राचार्य, शैक्षिक समन्वयक तथा अशासकीय संस्थाओं के प्रभारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा त्रैमासिक एवं अर्द्धवार्षिक परीक्षा के परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए आगामी बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
जिला शिक्षा अधिकारी ने समस्त आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को पेंशन प्रकरणों का तत्काल निराकरण करने, कर्मचारियों के सभी स्वत्वों की बकाया राशि एवं लंबित भुगतानों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही डीफ एवं इनऑपरेटिव बैंक खातों को तत्काल बंद कर राशि को चालान के माध्यम से जमा कराने के निर्देश भी दिए गए।

छात्रवृत्ति से संबंधित सभी लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा ई-केवाईसी लंबित प्रकरणों के निराकरण हेतु खाद्य विभाग से समन्वय करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान अपार आईडी जनरेशन में आ रही समस्याओं के संबंध में प्राचार्यों एवं शैक्षिक समन्वयकों को जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की संपूर्ण प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। सभी शैक्षिक समन्वयकों को अपने-अपने संकुल अंतर्गत पात्र छात्र-छात्राओं के जन्म प्रमाण पत्र हेतु प्राप्त आवेदनों को संकुल स्तर पर ही पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए, ताकि तहसील स्तर पर पालकों को एक ही दिन में जन्म प्रमाण पत्र जारी किया जा सके।

शैक्षिक समन्वयकों द्वारा जानकारी दी गई कि 506 आवेदन फार्म पूर्ण कर तहसील कार्यालय में जमा किए जा चुके हैं, जिनका समन्वय कर शीघ्र निराकरण कराया जाएगा। इससे बच्चों के आधार कार्ड में सुधार कर अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की अपार आईडी जनरेट की जा सकेगी।
उक्त बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारी वाड्रफनगर  श्याम किशोर जायसवाल, सहायक संचालक शिक्षा  रामपथ यादव, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार पंथ सहित विकासखंड के समस्त शासकीय विद्यालयों के प्राचार्य, शैक्षिक समन्वयक तथा अशासकीय संस्थाओं के प्रधानपाठक एवं प्राचार्य उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!