जशपुर: ग्राहक सेवा केंद्र में हुई सनसनीखेज लूट और गोलीकांड के मुख्य आरोपी रवि उरांव को जशपुर पुलिस ने झारखंड की राजधानी रांची से गिरफ्तार कर लिया है। यह वही मामला है जिसमें गोलीबारी के दौरान एक वृद्ध महिला की मौत हो गई थी। इस हाई प्रोफाइल अपराध में मास्टरमाइंड रवि उरांव की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। IGP सरगुजा रेंज दीपक झा ने इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को नगद इनाम देने की घोषणा की है।

क्या था मामला

5 नवंबर 2024 को जशपुर जिले के ग्राम बटईकेला में संचालित ग्राहक सेवा केंद्र (कियोस्क बैंक) में दिनदहाड़े दो बदमाश हथियारों से लैस होकर घुसे और कैश लूटने की कोशिश की। लूट का विरोध करने पर संचालक को घायल कर दिया गया और बीच-बचाव करने आई उसकी दादी, वृद्धा उर्मिला बाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस जघन्य वारदात के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी।

पहले तीन आरोपी भेजे जा चुके जेल

जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही तीन अन्य आरोपियों रातु राम, पितुल राम और सीतुल राम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। तीनों आरोपियों ने रवि उरांव को ही पूरे षड्यंत्र का सूत्रधार बताया था। रवि उरांव की तलाश में पुलिस की टीमें लंबे समय से लगी थीं।

ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

रवि उरांव घटना के दिन से फरार था और झारखंड के रांची में छिपा हुआ था। पुलिस की तकनीकी टीम और मुखबिरों की सूचना पर एक विशेष टीम गठित कर रांची भेजा गया। स्थानीय पुलिस के सहयोग से जशपुर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इससे पहले भी दो बार वह गिरफ्तारी से बाल-बाल बच निकला था एक बार कोर्ट में पेशी के दौरान व दूसरी बार गांव में दबिश के दौरान, लेकिन तीसरी बार वह पुलिस की सटीक रणनीति में फंस गया।

आदतन अपराधी है रवि उरांव

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रवि उरांव आदतन अपराधी है। उसने पहले भी मनोरा थाना क्षेत्र में बैंक लूट की वारदात को अंजाम दिया था। झारखंड के गुमला थाना क्षेत्र में उसके खिलाफ चोरी और अन्य गंभीर धाराओं में कई प्रकरण दर्ज हैं। वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है।

इन धाराओं में दर्ज है अपराध

थाना कांसाबेल में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(5), 332(ख), 109, 103(1), 61(2), 111, 311, 312 सहित 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज है।

साइबर सेल की रही सराहनीय भूमिका

इस मामले की कार्यवाही व फरार आरोपी की गिरफ्तारी में साइबर सेल जशपुर से निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, उप निरीक्षक  नसीरुद्दीन अंसारी, सहायक उप निरीक्षक  नसीरुद्दीन अंसारी, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा, आरक्षक अनील सिंह व थाना प्रभारी कांसाबेल उप निरीक्षक  सुनील सिंह, प्रधान आरक्षक नारायण सिंह व इग्नेसियस केरकेट्टा, आरक्षक शिवचंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस ने बहुत ही प्रोफेशनल तरीके से थाना कांसाबेल क्षेत्रांतर्गत ग्राम बटईकेला, में हुए लूट व हत्या के मामले में फरार आरोपी रवि उरांव को रांची झारखंड से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। आरोपी को पकड़ने में शामिल सभी अधिकारी कर्मचारियों को नगद ईनाम से पुरस्कृत किया जाएगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!