

लखनपुर/ प्रिंस सोनी: हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा अभियान के तहत अंबिकापुर विधानसभा के लखनपुर क्षेत्र में बुधवार दोपहर देशभक्ति का अनोखा नजारा देखने को मिला। विधायक राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें 50 से अधिक ट्रैक्टर और सैकड़ों बाइकें शामिल रहीं। स्वयं ट्रैक्टर की स्टेयरिंग संभालकर विधायक अग्रवाल ने यात्रा की शुरुआत साक्षरता मिनी स्टेडियम से की।

यात्रा पुलिस थाना, अंबेडकर चौक, भरतपुर, गोरता, गणेशपुर, बिनकरा, लटोरी, तराजू, उमरोली, अंधला, कुंवरपुर और जुनाडीह साप्ताहिक बाजार होते हुए सामुदायिक भवन लखनपुर में सम्पन्न हुई। रास्ते में ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
विधायक अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा हमारी आज़ादी, एकता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर की सराहना करते हुए सभी से अपने घर, ऑफिस और प्रतिष्ठानों में तिरंगा फहराने की अपील की। भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी और पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनेश साहू ने युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाने और वीर शहीदों के सम्मान का संदेश देने की बात कही।
यात्रा में युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, नगर पंचायत अध्यक्ष सावित्री दिनेश साहू, राकेश अग्रवाल, रवि अग्रवाल, राजेंद्र जायसवाल, सत्यनारायण साहू, जनपद उपाध्यक्ष कामेश्वर राजवाड़े सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। सामुदायिक भवन में प्रतिभागियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।
कार्यक्रम के अंत में स्कूली बच्चों के साथ तिरंगा पदयात्रा भी निकाली गई, जिसका नगरवासियों ने जगह-जगह गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरे दिन लखनपुर में तिरंगे के रंग और देशभक्ति की गूंज छाई रही।






















