

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के जनपद पंचायत अंबिकापुर के उपसरपंच संघ की कमान अब ग्राम पंचायत करम्हा के उपसरपंच राजू पाण्डेय को सौंपी गई है।रविवार, 12 अक्टूबर को ग्राम पंचायत साकालो के पंचायत भवन में आयोजित एक सम्मलेन में अम्बिकापुर जनपद भर से आए 60 से अधिक उपसरपंचों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से उन्हें संगठन का अध्यक्ष चुना गया।
सम्मेलन में जनपद पंचायत अंबिकापुर क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों के उपसरपंच शामिल हुए। बैठक में उपसरपंचों की भूमिका, दायित्व, अधिकार और पंचायत व्यवस्था में उनकी भागीदारी पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी उपसरपंचों ने एकमत होकर यह निर्णय लिया कि संगठन को एक सशक्त नेतृत्व की आवश्यकता है, जो उपसरपंचों की आवाज प्रशासन और शासन तक प्रभावी रूप से पहुंचा सके। इस सर्वसम्मति से राजू पाण्डेय को उपसरपंच संघ का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।जो उपसरपंच व्यक्तिगत कारणों से बैठक में उपस्थित नहीं हो सके, उन्होंने भी फोन के माध्यम से या अप्रत्यक्ष रूप से अपनी सहमति व्यक्त की।
नवनियुक्त अध्यक्ष राजू पाण्डेय वर्तमान में ग्राम पंचायत करम्हा के उपसरपंच हैं और साथ ही भाजपा किसान मोर्चा सरगुजा जिला उपाध्यक्ष के रूप में सक्रिय राजनीति में अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं। वे लंबे समय से किसानों और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर मुखर रहते आए हैं।
उपसरपंचों के सम्मान और अधिकारों की करेंगे बात
अध्यक्ष बनाए जाने के बाद अपने संबोधन में राजू पाण्डेय ने कहा कि पंचायत व्यवस्था में उपसरपंचों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है, लेकिन उन्हें अक्सर उचित महत्व नहीं दिया जाता। उन्होंने कहा “उपसरपंच पंचायत की जमीनी इकाई में जनसंपर्क का सबसे सशक्त माध्यम हैं, लेकिन उन्हें निर्णय प्रक्रिया में वह स्थान नहीं मिलता जिसके वे हकदार हैं। अब यह संगठन उनके अधिकारों और सम्मान के लिए पूरी ताकत से काम करेगा।” यह भी स्पष्ट किया कि सरगुजा से शुरू हुई यह मुहिम अब पूरे छत्तीसगढ़ में फैलाई जाएगी। उन्होंने कहा— “हमारा लक्ष्य केवल संगठन बनाना नहीं, बल्कि उपसरपंचों की भूमिका को सशक्त बनाना है। हर जनपद में उपसरपंच संघ सक्रिय किया जाएगा, ताकि ग्राम स्तर पर उनकी समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही हो सके।”






















