

नई दिल्ली। उत्तर भारत में जल्द ही कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। देश के उत्तर पश्चिमी हिस्से में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) एक्टिव हो गया है, जिसका असर पहाड़ी राज्यों पर देखने को मिलेगा। खासकर जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जिससे दक्षिणी राज्यों में तेज बारिश का अनुमान है। IMD ने महाराष्ट्र, कोंकण तट, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, त्रिपुरा, मिजोरम और नागालैंड में बारिश का येलो अलर्ट जाी किया है। वहीं, तमिलनाडु में आज भारी से बहुत भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान आने की भी संभावना है।
IMD ने पहाड़ी राज्यों में 4-7 नवंबर तक आंधी-तूफान और गर्जन के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ स्थानों पर बर्फबारी भी हो सकती है। इस दौरान जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 40-50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में बरसात का येलो अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मंडी, ऊना, शिमला, हमीरपुर, कांगड़ा, लाहौल स्पीति और किन्नौर में बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है।
दिल्ली एनसीआर में कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने के आसार है। वहीं, राजधानी में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। सुबह-शाम की ठंड के बीच दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हल्की सर्दी के एहसास के बावजूद आसमान में धुंध की परत छाई है। दिल्ली की ज्यादातर जगहों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 से ज्यादा पहुंच गया है।
IMD ने राजस्थान के कई जिलों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। इस लिस्ट में जयपुर, भरतपुर, उदयपुर, अजमेर और कोटा का नाम शामिल है। अगले एक हफ्ते तक राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके अलावा हरियाणा और पंजाब में भी तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की आशंका है।





















