रायगढ़: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में रायगढ़ पुलिस द्वारा आदतन झगड़ा और मारपीट में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में जूटमिल और चक्रधरनगर पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जिनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है।

जूटमिल थाना क्षेत्र में 21 मार्च को समाधी गली में हुई मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्रार्थी किशोर बालक ने रिपोर्ट में बताया कि करन बानी उर्फ करन गुप्ता और उसके साथियों ने लकड़ी नाली में बहाने को लेकर गाली-गलौज और मारपीट की। बाद में करन का बड़ा भाई सोनू गुप्ता तलवार लेकर आया। पुलिस ने आरोपी करन बानी, नंद किशोर बानी, सोनू गुप्ता और एक बालक को अभिरक्षा में लेकर धारा 115(2), 296, 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की।

वहीं, चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में 23 मार्च को पेट्रोलिंग के दौरान आशीष महंत और श्याम बरेठ को इंदिरा विहार मेन रोड पर राहगीरों को डराने-धमकाने और खुरपी लहराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से एक धारदार लोहे का खुरपी बरामद किया गया। दोनों के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई और न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा, “जिले में शांति व्यवस्था भंग करने और मारपीट जैसी घटनाओं में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।”

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!