

अंबिकापुर: नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल के निर्देशन में पुलिस टीम ने शहर में संचालित हो रहे एक अनैतिक देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है, जो घर की आड़ में युवकों से पैसे लेकर युवतियों से वैश्यावृति करवाने का काम कर रही थी।
जानकारी के अनुसार 10 नवंबर 2025 को नगर पुलिस अधीक्षक को मुखबिर से सूचना मिली कि अंबिकापुर शहर में एक घर के अंदर अनैतिक देह व्यापार का संचालन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर रेड की कार्रवाई की। छापे के दौरान एक संदिग्ध महिला घर के बाहर मिली। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह युवकों से संपर्क कर युवतियों की व्यवस्था करती थी और देह व्यापार से प्राप्त रकम में अपना हिस्सा रखती थी।
पुलिस ने मौके से 2000 रुपये नकद एक डायरी, उपयोग किए गए निरोध और नए पैकेट में बंद निरोध जब्त किए हैं। जांच में पाया गया कि आरोपिया घर की आड़ में कमरे उपलब्ध कराकर युवतियों से वैश्यावृति करवाती थी और अवैध रूप से आय अर्जित कर रही थी।मामले में पुलिस ने आरोपिया के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपिया को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इस कार्रवाई में महिला आरक्षक सरला टोप्पो, निक्की मिश्रा, तथा आरक्षक अतुल सिंह और विकास की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूरे अभियान की निगरानी स्वयं नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल ने की।






















