

रायपुर: नए साल की शुरुआत से पहले छत्तीसगढ़ शासन ने राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों को बड़ा तोहफा दिया है। गृह (पुलिस) विभाग ने 16 पुलिस अधिकारियों को उप पुलिस अधीक्षक / सहायक सेनानी पद से पदोन्नत कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) / उप सेनानी समकक्ष पद पर स्थानापन्न नियुक्ति देने का आदेश जारी किया है।
यह आदेश मंत्रालय स्थित महानदी भवन, नवा रायपुर से जारी किया गया। विभागीय पदोन्नति/छानबीन समिति की बैठक 10 दिसंबर 2025 को आयोजित हुई थी, जिसमें की गई अनुशंसा के आधार पर यह निर्णय लिया गया। पदोन्नति छत्तीसगढ़ पुलिस कार्यपालिक (राजपत्रित) सेवा भर्ती एवं पदोन्नति नियम 2005 के तहत की गई है।
जारी आदेश के अनुसार जिन अधिकारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है, उनमें रितेश चौधरी, जितेन्द्र कुमार खूंटे, अंजली नाग (गुप्ता), कर्ण कुमार उके, मनोज कुमार ध्रुव, पुष्पेन्द्र नायक, मनोज तिर्की, सारिका वैद्य, निधि नाग, कपिल चन्द्रा, अविनाश कुमार मिश्रा, ईश्वर प्रसाद त्रिवेदी, योगेश कुमार साहू, मयंक तिवारी, रश्मीत कौर चांवला एवं अनिल कुमार विश्वकर्मा शामिल हैं।
गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन सभी अधिकारियों की पदस्थापना के आदेश पृथक से जारी किए जाएंगे। नए साल से पहले मिली इस पदोन्नति को पुलिस अधिकारियों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है।
























