


MP News: मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी योजनाओं के प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन के स्पष्ट निर्देश दिए।
बैठक में स्वास्थ्य अधोसंरचना के विकास, चिकित्सकीय और सहायक मैनपावर की उपलब्धता, मेडिकल कॉलेजों के उन्नयन और टर्शरी केयर सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि प्रदेश के हर क्षेत्र में नागरिकों को बेहतर और उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के लिए योग्य शिक्षकों की उपलब्धता बेहद जरूरी है।
दूरस्थ और पिछड़े क्षेत्रों में स्थित मेडिकल कॉलेजों में शिक्षण स्टाफ की कमी को गंभीरता से लेते हुए उप मुख्यमंत्री ने अतिरिक्त इंसेंटिव देने के प्रस्ताव को शीघ्र कैबिनेट में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि इससे अनुभवी और योग्य शिक्षकों को इन संस्थानों में सेवाएं देने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
































