


बलरामपुर। जिला यूनियन बलरामपुर के प्रबंध संचालक एवं वन मंडलाधिकारी आलोक बाजपेयी (भा.व.से.) के निर्देशानुसार तेंदूपत्ता सीजन वर्ष 2026 के लिए निर्धारित 1,43,900 मानक बोरा संग्रहण लक्ष्य की तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। इसी क्रम में 23 फरवरी 2026 को वन परिक्षेत्र कैम्पस धमनी (रामचन्द्रपुर) में तेंदूपत्ता शाखकर्तन विषयक कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में परिक्षेत्र के सातों समिति प्रबंधकों, प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्यों, फड़मुंशी, पोषक अधिकारी, फड़ अभिरक्षक तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। अधिकारियों ने शाखकर्तन के महत्व पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि सही शाखकर्तन से उच्च गुणवत्ता के तेंदूपत्ता उत्पादन में वृद्धि होती है।बैठक में संग्राहक परिवारों को शासन द्वारा निर्धारित 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा संग्रहण दर एवं 70 रुपये प्रति मानक बोरा शाखकर्तन प्रोत्साहन राशि की जानकारी दी गई।
अंतर्राज्यीय सीमा से लगे रामचन्द्रपुर, दोलंगी, सनावल, पचावल, सुंदरपुर एवं डिण्डो समितियों में तेंदूपत्ता के अवैध व्यापार पर प्रभावी नियंत्रण हेतु उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश एवं झारखण्ड सीमाओं की ओर जाने वाले मार्गों पर नाकेबंदी, पात्र संग्राहकों का सर्वे और तेंदूपत्ता कार्ड निर्माण पर विशेष रणनीति बनाई गई।
इसके अतिरिक्त वनाग्नि नियंत्रण को लेकर महुआ बीनने वालों को सूचीबद्ध कर आग नहीं लगाने संबंधी शपथ-पत्र लेने की योजना तैयार की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में दीवार लेखन, स्लोगन प्रचार, सड़क किनारे जलती बीड़ी-सिगरेट नहीं फेंकने की अपील तथा वन क्षेत्र में आग लगने की स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना देने के लिए टोल-फ्री नंबर एवं फायर वॉचर, वनकर्मियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए गए।
कार्यशाला में जिला संघ के उप प्रबंध निदेशक संतोष पांडे, उप वन मंडलाधिकारी प्रेमचंद मिश्रा, परिक्षेत्र अधिकारी अजय वर्मा सहित समस्त प्रबंधक, समस्त पोषक अधिकारी, समस्त अध्यक्ष प्रा. वनो.सह. समिति/कार्यकारणी सदस्य स्थानीय जन-प्रतिनिधि, फायर वाचर, समस्त सुरक्षा श्रमिक एवं हाथी मित्रदल के सदस्य उपस्थित रहे।
































