सूरजपुर: फाइलेरिया जैसी गंभीर और अपंगता पैदा करने वाली बीमारी से जिले को मुक्त करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा 10 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक “सामूहिक दवा सेवन अभियान” चलाया जाएगा। यह अभियान कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.डी. पैकरा के मार्गदर्शन में जिले के तीन विकासखंड सूरजपुर, रामानुजनगर और प्रेमनगर में संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत सभी पात्र नागरिकों को फाइलेरिया से बचाव हेतु दवा का सेवन कराया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह अभियान तीन चरणों में संपन्न होगा। पहले चरण में 10 से 12 फरवरी तक जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, उप स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में विशेष बूथ लगाकर दवा सेवन कराया जाएगा। दूसरे चरण में 13 से 22 फरवरी तक स्वास्थ्य कर्मी और मितानिन घर-घर जाकर लोगों को दवा खिलाएंगे। तीसरे और अंतिम चरण में 23 से 25 फरवरी तक उन लोगों को मॉप-अप राउंड के तहत दवा दी जाएगी, जो किसी कारणवश पहले चरणों में छूट गए होंगे।

यह दवा गर्भवती महिलाओं, दो वर्ष से कम आयु के बच्चों एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को छोड़कर सभी पात्र लोगों को भोजन के बाद दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि दवा पूरी तरह सुरक्षित है और इसका नियमित सेवन ही फाइलेरिया के उन्मूलन में कारगर सिद्ध होगा।अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें फील्ड स्टाफ और मितानिनों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी मितानिनों को शत-प्रतिशत प्रशिक्षण देने पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि वे गांव-गांव जाकर लोगों को दवा सेवन के लिए प्रेरित कर सकें।

इसी क्रम में 03 फरवरी 2026 को विकासखंड प्रेमनगर के नवापाराकला सेक्शन में मितानिनों को फाइलेरिया दवा सेवन अभियान के लिए विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर ग्राम सरपंच, उपसरपंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। उन्हें ऊंचाई टेप, पंपलेट और कैलेंडर के माध्यम से फाइलेरिया की जानकारी दी गई तथा गांव को फाइलेरिया मुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया।साथ ही नवापाराकला के हायर सेकेंडरी, मिडिल एवं प्राइमरी स्कूल के छात्र-छात्राओं को बैनर, पोस्टर और पंपलेट के माध्यम से जागरूक किया गया। माइक्रोफोन के जरिए बच्चों को समझाया गया कि यदि परिवार के सभी सदस्य दवा का सेवन करेंगे, तभी समाज फाइलेरिया मुक्त बन सकेगा। बच्चों और शिक्षकों ने 10 फरवरी से अभियान में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।

इस अवसर पर बीटीईओ अनिल सिंह एमटी एस संतोष कुमार सिंह, स्कूल की प्राचार्य तथा समस्त स्टाफ मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे दवा सेवन कर इस अभियान को सफल बनाएं और जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने में सहयोग करें।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!