अंबिकापुर में मुख्यमंत्री के आगमन से पहले ही प्रतिमाओं के अनावरण को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। आज मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले ही युवा कांग्रेस ने चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का अनावरण कर दिया, जिससे सियासी पारा चढ़ गया।

युवा कांग्रेस ने किया अचानक अनावरण

जानकारी के अनुसार, युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विकल झा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ रात में चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का लोकार्पण कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के पास अनावरण से पहले उचित सजावट नहीं की गई थी, जबकि भाजपा नेता स्वर्गीय रवि शंकर त्रिपाठी की मूर्ति के पास विशेष तैयारी की गई थी।

इसके बाद कार्यकर्ताओं ने ढकी हुई प्रतिमा को खोलकर माल्यार्पण किया और "इंकलाब जिंदाबाद" के नारों के साथ अनावरण किया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और विकल झा ने इसे अपने सोशल मीडिया पेज पर भी साझा किया।


मुख्यमंत्री का अनावरण कार्यक्रम

अंबिकापुर नगर निगम ने आकाशवाणी चौक पर चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थापित की है, जबकि लोक निर्माण विभाग के दफ्तर के पास रिंग रोड में स्वर्गीय रवि शंकर त्रिपाठी की प्रतिमा का निर्माण हुआ।

महापौर मंजूषा भगत ने रायपुर जाकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से दोनों प्रतिमाओं के अनावरण के लिए समय मांगा, जिस पर मुख्यमंत्री ने 9 अप्रैल को कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति दी। इसके आधार पर प्रशासन और नगर निगम ने अनावरण की तैयारी शुरू की थी।


अंबिकापुर में राजनीतिक तापमान बढ़ा

8 अप्रैल की देर शाम इस घटनाक्रम ने विवाद को जन्म दिया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और नारियल फोड़ा। इस कदम के बाद अंबिकापुर की सियासत में हलचल बढ़ गई है और राजनीतिक पारा गरम हो गया है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!