बैकुंठपुर: सराफा बाजार के ज्वेलरी व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से रक्षित केंद्र बैकुंठपुर के कॉन्फ्रेंस हॉल में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सराफा संघ के पदाधिकारी और थाना बैकुंठपुर पुलिस प्रशासन आमने-सामने आए और सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे के निर्देशन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे ने की। बैठक में थाना प्रभारी राजेश तिवारी, साइबर प्रभारी विनोद पासवान सहित साइबर टीम और बड़ी संख्या में ज्वेलरी व्यापारी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान बाजार में चोरी, लूट और ठगी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए कई महत्वपूर्ण सुरक्षा उपायों पर जोर दिया गया। पुलिस प्रशासन ने सभी ज्वेलरी दुकानदारों को अपनी दुकानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए, ताकि चेहरा ढककर या हेलमेट पहनकर आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की जा सके। साथ ही अलार्म सिस्टम लगाने और दुकानों में हॉलमार्किंग को अनिवार्य रूप से लागू करने की बात कही गई।इसके अलावा 2 लाख रुपये से अधिक की खरीदी पर पैन कार्ड अनिवार्य करने तथा 10 लाख रुपये से अधिक की खरीदी पर ग्राहक के आय के स्रोत की जानकारी लेने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने आपात स्थिति में तुरंत डायल 112, थाना प्रभारी और साइबर सेल के नंबर पर संपर्क करने की सलाह भी दी।पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए कहा और सराफा बाजार क्षेत्र में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने का आश्वासन दिया।

बैठक के अंत में सराफा संघ के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की पहल से व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ती है और पुलिस व व्यापारियों के बीच समन्वय और मजबूत होता है।इस दौरान जिले के सराफा बाजार के सभी प्रमुख ज्वेलरी व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!