

जीपीएम : जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पेंड्रा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तालाब किनारे चल रहे जुआ फड़ पर छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने तीन जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया, जबकि कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल समेत कुल 88 हजार का सामान जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 मार्च 2026 को थाना पेंड्रा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सेंवरा में रामकृष्ण मिश्रा के घर के पीछे तालाब के पास कुछ लोग ताश के पत्तों से रूपये-पैसे का दांव लगाकर “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना पेंड्रा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर छापा मारा।पुलिस को देखकर कुछ जुआरी खेतों और खुले स्थान का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि तीन लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ और आरोपियों से 8,000 नगद, वीवो कंपनी के तीन मोबाइल फोन (कीमत लगभग 30 हजार), एक बिना नंबर की अपाचे मोटरसाइकिल और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG31A8342 (कीमत लगभग ₹50 हजार), 52 पत्ती ताश और अन्य सामग्री जब्त की है। कुल जब्ती की कीमत करीब ₹88 हजार आंकी गई है।पुलिस ने इस मामले में ओम प्रकाश यादव (38 वर्ष) निवासी सेंवरा, नरोत्तम कश्यप (45 वर्ष) निवासी पतगंवा और भोले सोनी (27 वर्ष) निवासी बंधी थाना पेंड्रा को गिरफ्तार किया है।इस संबंध में थाना पेंड्रा में अपराध क्रमांक 80/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 112(2) तथा छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में उप निरीक्षक सुरेश ध्रुव, एएसआई मनोज हनोतिया, एएसआई पन्ना लाल कुर्रे, प्रधान आरक्षक रवि त्रिपाठी सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।

































