बलरामपुर/राजपुर। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बलरामपुर पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देश पर थाना राजपुर एवं चौकी बरियों क्षेत्र में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह एवं बरियों चौकी प्रभारी रविन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने नगर के मुख्य मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।

फ्लैग मार्च में थाना राजपुर से सहायक उप निरीक्षक फिलिरियूस टोप्पो,अशोक तिर्की एवं प्रधान आरक्षक राजेंद्र ध्रुव सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। पुलिस टीम ने बाजार क्षेत्र, प्रमुख चौक-चौराहों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों का भ्रमण कर असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी दी।

थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह और चौकी प्रभारी रविन्द्र प्रताप सिंह ने नागरिकों से अपील की कि होली का त्योहार आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि, हुड़दंग या कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।पुलिस द्वारा पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यक स्थानों पर अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है, ताकि आम नागरिक सुरक्षित वातावरण में त्योहार का आनंद ले सकें।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!