

सूरजपुर: सूरजपुर जिले में चोरी की वारदातों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जयनगर और करंजी क्षेत्र में हुए दो मामलों का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर भी बरामद किए हैं, जिससे क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं का सफलतापूर्वक पर्दाफाश हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम केनापारा निवासी निकिता गुप्ता ने थाना जयनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 फरवरी 2026 को वह अपने घर में ताला लगाकर अम्बिकापुर गई हुई थीं। 1 मार्च को वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के पीछे का दरवाजा खुला हुआ है और अंदर रखी अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो चुके हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 84/2026 के तहत धारा 331(4), 305, 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर जयनगर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना के आधार पर तीन संदिग्धों उमंग गुप्ता (24 वर्ष), बृजलाल सिंह उर्फ रोहित (19 वर्ष) और हेमंत देवांगन उर्फ शिवम (20 वर्ष), निवासी केनापारा तेलईकछार को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।आरोपियों ने बताया कि 28 फरवरी की शाम उन्होंने निकिता गुप्ता को घर में ताला लगाकर जाते हुए देखा था, जिसके बाद मौके का फायदा उठाकर घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने दुल्हन पायल, बिछिया, कमरधनी, मंगलसूत्र, सोने का मांग टीका, बाली सहित कई आभूषण बरामद किए।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी उमंग गुप्ता और बृजलाल सिंह ने मिलकर करंजी चौकी क्षेत्र के सोहागपुर में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया था। वे दीपक उर्फ नरेश के घर रात में पहुंचे थे और उसके न मिलने पर घर में घुसकर पेटी से जेवर चोरी कर लिए थे। इस मामले में पहले से अपराध क्रमांक 33/2026 दर्ज था। पुलिस ने इस मामले में भी 5 मंगलसूत्र, एक सोने की चेन, झुमका, अंगूठी और चांदी के सिक्के बरामद किए हैं।दोनों मामलों में कुल मिलाकर करीब 4 लाख रुपये के आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्यवाही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जयनगर रूपेश कुन्तल एक्का, चौकी प्रभारी करंजी संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक दीपक दुबे, जयप्रकाश कुजूर, सुशील तिवारी, रविशंकर पान्डेय, आरक्षक अम्बिका मरावी, रवि पान्डेय, आशिफ अख्तर, हरिशंकर सिंह, सैनिक जहांगीर आलम सक्रिय रहे।

































