

PNG Connection : अब भारत में घरेलू गैस का एक भरोसेमंद और आसान विकल्प बनकर उभर रहा है। मिडिल ईस्ट में ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण LPG सिलेंडर की सप्लाई और कीमतों पर असर पड़ने की आशंका है। ऐसे में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) लोगों के लिए राहत का माध्यम बनती जा रही है।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर, भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रीवा, शिवपुरी और बालाघाट जैसे शहरों में PNG Connection तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। यह न केवल सिलेंडर की झंझट खत्म करता है, बल्कि 24 घंटे निर्बाध गैस सप्लाई भी सुनिश्चित करता है।
इन शहरों में अलग-अलग कंपनियां PNG की सप्लाई कर रही हैं। Aavantika Gas Limited इंदौर, उज्जैन, पीथमपुर और ग्वालियर में सेवा दे रही है, जबकि Think Gas भोपाल और राजगढ़ में सक्रिय है। वहीं Megha City Gas Distribution Pvt Ltd जबलपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा, रीवा और शिवपुरी में नेटवर्क विकसित कर रही है।
PNG Connection लेने के लिए आधार कार्ड, एड्रेस प्रूफ, फोटो, मोबाइल नंबर और मकान से जुड़े दस्तावेज जरूरी होते हैं। आवेदन के लिए उपभोक्ता कंपनी के ऑफिस, कैंप या सर्वे टीम के माध्यम से फॉर्म भर सकते हैं। इसके अलावा, ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे घर बैठे कनेक्शन लिया जा सकता है।
कनेक्शन प्रक्रिया में आवेदन, दस्तावेज सत्यापन और इंस्टॉलेशन शामिल होते हैं। इसके बाद घर तक पाइपलाइन बिछाकर गैस मीटर और सुरक्षा सिस्टम लगाया जाता है, जिससे रसोई तक सीधा कनेक्शन मिलता है।
PNG Connection के जरिए अब उपभोक्ताओं को सुरक्षित, किफायती और लगातार गैस सप्लाई मिल रही है, जो मौजूदा हालात में LPG का बेहतर विकल्प साबित हो रहा है।

































