

बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर जिले के थाना राजपुर परिसर में दिनांक 14 सितंबर 2025 को आगामी शारदीय दुर्गा नवरात्र एवं दशहरा पर्व के दृष्टिगत शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम राजपुर के प्रतिनिधि नायब तहसीलदार नरेंद्र कंवर, दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य, प्रतिष्ठित नागरिक एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।
बैठक में उपस्थित जनों के साथ आपसी वार्तालाप कर पुलिस प्रशासन की ओर से शांति एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाए जाने का अनुरोध किया गया तथा निम्न निर्णय लिए गए—
1. राजपुर थाना क्षेत्र में DJ साउंड सिस्टम पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
2. धार्मिक गीतों के अतिरिक्त किसी प्रकार की अश्लील नृत्य-गान नहीं किया जाएगा।
3. मूर्ति विसर्जन सूर्यास्त पूर्व ही किया जाएगा।
4. दुर्गा नवरात्रि में नशा-पान वर्जित रहेगा।
5. दुर्गा पंडाल के ऊपर अथवा आसपास उच्च शक्ति वाली विद्युत तार नहीं होनी चाहिए।
6. पंडाल मुख्य मार्ग या व्यस्त मार्ग में स्थापित न हों ताकि आमजनों का आवागमन बाधित न हो।
7. प्रत्येक दुर्गा पूजा समिति अपने स्तर पर पर्याप्त संख्या में वालंटियर नियुक्त करेगी।
8. पूर्व आपराधिक घटनाओं को ध्यान में रखते हुए नागरिक अपने घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में नियुक्त चौकीदार, वाहन चालक, मजदूर, कारीगर, रसोइया एवं नौकरों का नाम-पता विवरण थाना राजपुर में अनिवार्य रूप से दर्ज कराएंगे।
शांति समिति की बैठक में सर्वसम्मति से उपरोक्त बिंदुओं का पालन करते हुए दुर्गा नवरात्र एवं दशहरा पर्व को शांति, सौहार्द्र एवं श्रद्धा के साथ मनाने का निर्णय लिया गया।






















