बलरामपुर/शंकरगढ़। होली एवं रमजान पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने के उद्देश्य से बुधवार को शंकरगढ़ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसीलदार शंकरगढ़ दानिश परवेज, जनपद अध्यक्ष चिंतामणि भगत, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित डीजे नहीं बजाए जाएं तथा ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की भी अपील की गई।इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की प्रतिबद्धता जताई।

बैठक में उपस्थित मुस्लिम समुदाय के सदस्यों से भी आपसी सौहार्द के साथ ईद पर्व मनाने का अनुरोध किया गया। साथ ही ईद के अवसर पर नमाज अदा कराने वाले मौलाना का नाम, नमाज प्रारंभ एवं समाप्ति का समय, नमाज में शामिल होने वाले लोगों की अनुमानित संख्या समय पूर्व पुलिस प्रशासन को उपलब्ध कराने के लिए कहा गया।होली एवं ईद त्योहार को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाए जाने हेतु पुलिस प्रशासन द्वारा उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों से सहयोग का अनुरोध किया गया, जिस पर सर्वसम्मति से सभी ने अपना सहयोग देने की सहमति प्रदान की।

थाना प्रभारी जितेंद्र जायसवाल ने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि शंकरगढ़ पुलिस क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!