


बलरामपुर/राजपुर। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने के उद्देश्य से बुधवार को राजपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम देवेंद्र प्रधान, मुख्य नगर पंचायत अधिकारी रविन्द्र लाल, नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह, उपाध्यक्ष संजय सिंह, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, वरिष्ठ कांग्रेसी सुरेश सोनी, सभी पार्षदगण, जनप्रतिनिधि तथा सर्व समुदाय के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर नागरिकों से सुझाव आमंत्रित किए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि, हुड़दंग या विवाद को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहेगा तथा पेट्रोलिंग टीम द्वारा लगातार गश्त की जाएगी।
थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने आमजन से अपील की कि होली आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं। उन्होंने नशीले पदार्थों के सेवन से बचने, किसी पर जबरन रंग न लगाने, ग्रीस या कांच युक्त रंगों का प्रयोग न करने, अशोभनीय व्यवहार से दूर रहने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी। दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाने और शराब पीकर वाहन न चलाने की भी हिदायत दी गई।
बैठक में उपस्थित मुस्लिम समुदाय के सदस्यों से भी आपसी सौहार्द के साथ ईद पर्व मनाने का अनुरोध किया गया। साथ ही ईद के अवसर पर नमाज अदा कराने वाले मौलाना का नाम, नमाज प्रारंभ एवं समाप्ति का समय, नमाज में शामिल होने वाले लोगों की अनुमानित संख्या तथा नमाज के दौरान प्राप्त होने वाली धनराशि की जानकारी समय पूर्व पुलिस प्रशासन को उपलब्ध कराने के लिए कहा गया।
उपरोक्तानुसार होली एवं ईद त्योहार को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाए जाने हेतु पुलिस प्रशासन द्वारा उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों से सहयोग का अनुरोध किया गया, जिस पर सर्वसम्मति से सभी ने अपना सहयोग देने की सहमति प्रदान की।
बैठक में यह भी कहा गया कि शोर-शराबा, ज्वलनशील पदार्थों का उपयोग तथा तेज आवाज में डीजे या साउंड सिस्टम बजाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। परिवर्तित साइलेंसर का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। वर्तमान में बोर्ड परीक्षाएं संचालित होने के कारण बिना अनुमति साउंड सिस्टम का उपयोग न करने तथा अनुमति मिलने पर भी निर्धारित ध्वनि सीमा में ही बजाने के निर्देश दिए गए।होलिका दहन सुरक्षित स्थान पर करने, विद्युत खंभों एवं तारों से दूरी बनाए रखने तथा एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने की अपील भी की गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने आश्वासन दिया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी होली का पर्व शांति और सौहार्द के साथ मनाया जाएगा।
































