

रायगढ़: रायगढ़ जिले में अवैध अफीम खेती के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। लैलूंगा थाना क्षेत्र में पुलिस ने करीब 50 डिसमिल जमीन पर की जा रही अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। जिले में पिछले दो दिनों में यह दूसरा मामला है, जबकि बीते 17 दिनों में अब तक पांच मामलों का खुलासा हो चुका है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जगतराम नाग और मनोज नाग को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है, जबकि साधराम नाग मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी पत्थलगांव के एक व्यापारी से बीज लाकर अफीम की खेती कर रहे थे। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।इस बीच प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मामले को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पोस्ट करते हुए तंज कसते हुए लिखा कि “सुशासन के अफीम स्टार्टअप की नई ब्रांच अब लैलूंगा में खुल गई है।”
गौरतलब है कि इससे पहले तमनार ब्लॉक के आमाघाट क्षेत्र में भी अवैध अफीम खेती का मामला सामने आया था। जानकारी के अनुसार, झारखंड निवासी मार्शल सांगा पिछले 10-12 वर्षों से यहां खेती कर रहा था। उसने स्थानीय किसान से खेत लेकर तरबूज और ककड़ी की आड़ में अफीम उगाना शुरू किया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी झारखंड से आकर अपने ससुराल तमनार में रह रहा था और वहीं से इस अवैध गतिविधि को अंजाम दे रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

































