


रायगढ़: रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए खरसिया थाना क्षेत्र से सट्टा संचालित कर रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 2 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम छोटे मुड़पार में एक व्यक्ति मोबाइल एप के माध्यम से भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिला रहा है। सूचना की पुष्टि होने पर एसडीओपी प्रभात पटेल के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े एवं पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।दबिश के दौरान पुलिस ने आरोपी मुकेश अग्रवाल (30 वर्ष) निवासी कानाकोट, थाना डभरा, जिला सक्ती को गिरफ्तार किया। वह मोबाइल फोन के जरिए सट्टा लगाने वालों से संपर्क कर दांव दर्ज करते पाया गया। आरोपी के कब्जे से विवो कंपनी का एंड्रायड मोबाइल फोन जब्त किया गया, जिसमें एक लिंक और पासवर्ड के माध्यम से सट्टे का लेखा-जोखा दर्ज मिला। इसके अलावा मौके से 4 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका पार्टनर सतीश अग्रवाल उर्फ भुडू उसे सट्टा संचालन के लिए लिंक और पासवर्ड उपलब्ध कराता था। सट्टे से प्राप्त रकम फोनपे अथवा नगद के माध्यम से पार्टनर को भेजी जाती थी। मामले में थाना खरसिया में दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि फरार पार्टनर की तलाश जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में ऑनलाइन सट्टा, जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और सट्टा नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान जारी रहेगा।
































