अम्बिकापुर: लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) खण्ड अम्बिकापुर में कार्यरत एक ठेकेदार द्वारा भुगतान में विलंब को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए आत्मदाह की चेतावनी दिए जाने का मामला सामने आया है। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ठेकेदार रजनीकांत ने 27 मार्च को विभाग को दिए गए पत्र में आरोप लगाया है कि जल जीवन मिशन अंतर्गत किए गए कार्यों का भुगतान लंबे समय से लंबित है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों पर देयक तैयार करने में अग्रिम कमीशन की मांग, ब्लैकमेलिंग एवं मानसिक प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं। ठेकेदार का कहना है कि लगभग 65 लाख रुपये के कार्य के एवज में अब तक केवल 22 लाख रुपये का ही भुगतान किया गया है, जबकि शेष राशि एक वर्ष से लंबित है।

पत्र में ठेकेदार ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया, तो वे 30 मार्च को दोपहर 1 बजे PHE कार्यालय के समक्ष आत्मदाह करेंगे।
मामले को संज्ञान में लेते हुए कार्यपालन अभियंता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग खण्ड अम्बिकापुर ने संबंधित उप अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित समय-सीमा में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि प्राप्त जवाब के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!