


कोरिया: कोरिया पुलिस द्वारा आमजन के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई है। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे के निर्देशन में जिले के समस्त थाना एवं पुलिस चौकियों में पीड़ितों एवं सूचनाकर्ताओं के लिए दो-दो कुर्सियाँ आरक्षित कर दी गई हैं, ताकि फरियादी को खड़े रहकर अपनी बात न कहनी पड़े।
इस नई व्यवस्था के तहत थाना या चौकी में आने वाले प्रत्येक पीड़ित, शिकायतकर्ता अथवा सूचना देने वाले नागरिक को पहले बैठाया जाएगा, फिर उनकी समस्या सुनी जाएगी। यह निर्देश पुलिस अधीक्षक कार्यालय से सभी थाना-चौकियों को जारी कर दिए गए हैं, जिसके बाद जिले के हर थाने और चौकी में यह सुविधा लागू कर दी गई है।पुलिस विभाग का मानना है कि थाने में आने वाला हर व्यक्ति किसी न किसी परेशानी से गुजर रहा होता है। ऐसे में यदि उसे सम्मान और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए, तो पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग का रिश्ता और मजबूत होता है। यही सोच इस पहल की नींव बनी है।इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच दूरी को कम करना, भरोसे का माहौल बनाना और पीड़ितों को यह महसूस कराना है कि पुलिस उनकी पीड़ा को समझती है और उन्हें सम्मान देती है।
जिला कोरिया पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की शिकायत, सूचना या समस्या होने पर बिना झिझक अपने निकटतम थाना या चौकी में संपर्क करें। पुलिस आपकी सेवा और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।































