

रायगढ़: पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए रायगढ़ में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने एक नई पहल शुरू की है। प्रदेश के वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने अपने निवास कार्यालय से निःशुल्क पौधा वितरण वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह अभियान प्रधानमंत्री के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में शुरू किया गया है। अब रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र के नागरिक अपने घर पर ही मुफ्त पौधे मंगवा सकेंगे।
टोल-फ्री नंबर पर कॉल करते ही घर पहुंचेगी टीम
वन विभाग की इस सुविधा का लाभ लेने के लिए नागरिकों को केवल टोल-फ्री नंबर 8305186853 और 18002332631 पर संपर्क करना होगा। कॉल मिलने के बाद वन विभाग की टीम संबंधित व्यक्ति के घर पहुंचकर निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराएगी।
इस व्यवस्था से लोगों को पौधे लेने के लिए नर्सरी या सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण अभियान से जोड़ना है।
हर नागरिक की भागीदारी से बढ़ेगी हरियाली
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान प्रकृति के प्रति सम्मान और मातृऋण के भाव को दर्शाता है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी मां के नाम एक पौधा लगाएं और उसकी देखभाल करें। यदि हर व्यक्ति इस पहल से जुड़ेगा तो आने वाले वर्षों में रायगढ़ हरियाली की नई पहचान बना सकता है।
मिलेंगे फलदार और छायादार पौधे
वन विभाग की ओर से इस योजना के तहत अच्छी गुणवत्ता वाले स्वस्थ पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। नागरिक अपनी जरूरत के अनुसार फलदार, छायादार और उपयोगी प्रजातियों के पौधे प्राप्त कर सकेंगे।
आम, अमरूद, नींबू जैसे फलदार पौधों के साथ अन्य प्रजातियों के पौधे भी उपलब्ध कराए जाएंगे। विभाग का मानना है कि स्वस्थ पौधे आसानी से उपलब्ध होंगे तो लोग अधिक उत्साह के साथ पौधारोपण करेंगे।
घर, खेत और खाली जगहों पर लगाएं पौधे
ओपी चौधरी ने कहा कि पौधारोपण के लिए बड़ी जगह होना जरूरी नहीं है। घर का आंगन, बगीचा, खेत, तालाब का किनारा, पार्क या अन्य उपयुक्त स्थानों पर पौधे लगाए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि एक पेड़ सिर्फ हरियाली नहीं बढ़ाता, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, बेहतर पर्यावरण और स्वस्थ जीवन का आधार तैयार करता है।
कार्यक्रम में कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
पौधा वितरण वैन के शुभारंभ कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, डीएफओ रायगढ़ अरविंद पीएम सहित कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
वन विभाग ने नागरिकों से इस जनहितकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने और लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी से देखभाल करने की अपील की है।










