बिहार: गुरुवार 5 मार्च को राज्यसभा की 37 सीटों पर नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है। वहीं, बिहार की राजनीति में भी आज सबसे बड़ा दिन है। 10 बार के सीएम नीतीश कुमार एक बार फिर दिल्ली की सियासत करने जा रहे हैं। बिहार की सियासत में 20 साल बाद बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। सीएम नीतीश कुमार केंद्र की राजनीति में वापसी करने जा रहे हैं। वह गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में राज्यसभा के लिए आज सुबह साढ़े 11 बजे नामांकन दाखिल करेंगे। इसके साथ ही बिहार में पहली बार बीजेपी के सीएम बनने की चर्चा तेज हो गई है।


नीतीश कुमार आज राज्यसभा के लिए नामांकन करेंगे। नीतीश कुमार आज सुबह 11:30 बजे बिहार विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन दाखिल करेंगे। उनके साथ जदयू उम्मीदवार के रूप में रामनाथ ठाकुर भी नामांकन दाखिल करेंगे। नीतीश कुमार के नामांकन में केंद्रीय मंत्री अमित शाह भी शामिल हो सकते हैं। इसके साथ ही बिहार में नए सीएम फेस की तलाश भी शुरू हो गई है। सूत्रों की मानें तो नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार में पहली बार बीजेपी का सीएम हो सकता है। साथ ही नीतीश कुमार के बेटे की राजनीति में भी एंट्री हो सकती है। बुधवार को नीतीश कुमार पटना में जेडीयू के विधायकों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मीटिंग की जिसमें फैसला लिया गया कि नीतीश कुमार अब दिल्ली की राजनीति करेंगे। हालांकि, अभी जेडीयू की तरफ से पार्टी का कोई भी नेता खुलकर कुछ नहीं बोल रहा है।

नीतीश कुमार के राज्यसभा में जाने की खबर से बिहार में नई सरकार की अटकलें तेज हो गई है। नीतीश कुमार के नामांकन के बाद आज नीतीश कुमार और एनडीए के नेताओं के साथ अमित शाह की बैठक हो सकती है। बैठक में नई सरकार के गठन के फार्मूले पर चर्चा होगी। सूत्रों की मानें तो बिहार में पहली बार बड़े भाई की भूमिका में आई बीजेपी अब बिहार में गठबंधन का फेस होगी। पहली बार बिहार में बीजेपी का मुख्यमंत्री होगा। इस वक्त बिहार सरकार में बीजेपी के दो डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा हैं। अगर नई सरकार में बीजेपी का मुख्यमंत्री बनता है तो फिर डिप्टी सीएम जेडीयू का होगा लेकिन अभी ये साफ नहीं है कि नई सरकार में एक डिप्टी सीएम होगा या दो।

CM की रेस में कौन-कौन?

नीतीश कुमार के राज्यसभा में जाने से 21 साल बाद बिहार की कमान नए हाथों में होगी। पहली बार बीजेपी का सीएम हो सकता है। ऐसे में CM की रेस में BJP के नित्यानंद राय का नाम सबसे आगे चल रहा है। नित्यानंद राय यादव समुदाय से आने हैं और इस वक्त केंद्र में राज्यमंत्री हैं। बिहार चुनाव के दौरान सीटों के बंटवारें में इनकी बड़ी भूमिका रही थी। वहीं, दूसरा नाम सम्राट चौधरी का है। कुशवाहा समुदाय से आने वाले सम्राट चौधरी बिहार में बीजेपी का बड़ा चेहरा है और तीसरा नाम हर बार की तरह चौकाने वाला हो सकता है। बीजेपी अति-पिछड़ा से आने वाली किसी महिला पर दांव लगाकर सीएम बना सकती है। इसके अलावा भी कुछ चेहरे हैं जो सीएम की रेस में चल रहे हैं लेकिन एमपी, राजस्थान और छत्तीसगढ़ की तरह बीजेपी आलाकमान यहां भी चौंका सकती है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!