

भारतीय जनता पार्टी चिकित्सा प्रकोष्ठ की ओर से कार्यकर्ताओं को त्वरित और प्रभावी चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक नई पहल शुरू की जा रही है। इस पहल के तहत ‘सेवा प्रकल्प’ कार्यालय का शुभारंभ 14 अप्रैल को शाम 5 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में किया जाएगा।
इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल और उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल की उपस्थिति में किया जाएगा।
सशक्त संगठन के लिए स्वस्थ कार्यकर्ता पर जोर
प्रदेश संयोजक डॉ विशाल सिंह बघेल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी कार्यकर्ता स्वास्थ्य संबंधी सहायता से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि ‘हर व्यक्ति स्वस्थ रहे, स्वस्थ कार्यकर्ता सशक्त संगठन’ की भावना के साथ यह कदम उठाया गया है।
यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
स्वास्थ्य परामर्श और प्राथमिक सहायता की व्यवस्था
भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक विशेष कक्ष तैयार किया गया है, जहां अनुभवी चिकित्सा विशेषज्ञ स्वास्थ्य परामर्श और प्राथमिक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। यहां जरूरतमंद कार्यकर्ताओं को उचित सलाह और उपचार संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना, राहगीर योजना सहित अन्य सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि लोग इनका अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।
आर्थिक सहायता और योजना लाभ में मदद
सेवा प्रकल्प के माध्यम से जरूरतमंद कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री सहायता कोष और स्वेच्छा अनुदान के जरिए आर्थिक सहायता दिलाने की व्यवस्था भी की जाएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में भी सहयोग किया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया को बनाया गया सरल
इस व्यवस्था के तहत आवेदन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया गया है। आवेदन के लिए चिकित्सीय प्रमाण पत्र, अस्पताल का अनुमानित खर्च, आय प्रमाण पत्र और पहचान पत्र जैसे दस्तावेजों की आवश्यकता होगी।
आवेदन मिलने के बाद प्राथमिक सत्यापन किया जाएगा और संबंधित अस्पताल या चिकित्सक से पुष्टि के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
गंभीर बीमारियों को दी जाएगी प्राथमिकता
कैंसर, हृदय रोग और किडनी से संबंधित गंभीर बीमारियों को प्राथमिक श्रेणी में रखा गया है, ताकि ऐसे मामलों में तेजी से सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इसके लिए सभी मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
रक्तदान और डिजिटल सेवा व्यवस्था भी होगी सक्रिय
इस प्रकल्प के तहत जरूरत पड़ने पर रक्तदान और सेवा टीम को सक्रिय किया जाएगा। साथ ही आवेदन और सहायता की ट्रैकिंग के लिए रिकॉर्ड व्यवस्था भी तैयार की जाएगी।
बूथ स्तर तक इस योजना की जानकारी पहुंचाने के लिए व्हाट्सएप, सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और बैठकों का सहारा लिया जाएगा। आने वाले समय में इसके लिए एक मोबाइल एप भी लॉन्च किए जाने की योजना है।

































