

Pakistan Super League 2026 एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गई है। इस बार मामला और ज्यादा चौंकाने वाला है, जहां लाइव मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद एक स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट कैमरे में सिगरेट पीते नजर आए। वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गईं और लीग की छवि पर सवाल उठने लगे।
कैमरे में कैद हुए एजाज वसीम बखरी
वायरल वीडियो में पाकिस्तान के स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट एजाज वसीम बखरी लाइव मैच के दौरान खुलेआम सिगरेट पीते दिखाई दे रहे हैं। इस घटना के सामने आते ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि बोर्ड इस मामले में कोई कार्रवाई करता है या नहीं।
पहले भी उठ चुके हैं ऐसे विवाद
यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान क्रिकेट में इस तरह की घटना सामने आई हो। इससे पहले पूर्व ऑलराउंडर इमाद वसीम भी PSL के दौरान सिगरेट के साथ कैमरे में कैद हो चुके हैं। उस समय भी बोर्ड और लीग को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।
लगातार विवादों में घिरी लीग
Pakistan Super League 2026 का आगाज 26 मार्च से हुआ, लेकिन शुरुआत के साथ ही विवादों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। पहले मैच में खिलाड़ियों की जर्सी के रंग से गेंद का रंग बदलने की घटना सामने आई, इसके बाद बॉल टैंपरिंग को लेकर चर्चा हुई और अब यह नया मामला सामने आ गया है।
लीग की साख पर उठे सवाल
लगातार सामने आ रहे इन विवादों ने लीग की विश्वसनीयता पर असर डाला है। क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं खेल की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं और आयोजकों को इस पर सख्त कदम उठाने की जरूरत है।

































