नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल के अभूझमाड़ क्षेत्र में चल रहे “माड़ बचाओ अभियान” के तहत सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। नारायणपुर जिले के परिया-काकुर जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में 6 इनामी माओवादी मारे गए, जिनमें 4 महिलाएं शामिल हैं। इनमें PLGA प्लाटून क्रमांक-01 का कमांडर व डिविजनल कमेटी सदस्य राहुल पुनेम भी शामिल है।

पुलिस अधीक्षक नारायणपुर  रॉबिनसन गुरिया ने बताया कि 17 जुलाई को अभूझमाड़ के परिया-काकुर इलाके में माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने पर DRG, STF और BSF की संयुक्त टीमों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। मुठभेड़ 18 जुलाई को दोपहर से शुरू हुई और अगले दिन तक जारी रही। 19 जुलाई को मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियारों के साथ 6 माओवादियों के शव बरामद किए गए।इन सभी पर 8 लाख प्रति माओवादी का इनाम घोषित था, इस तरह कुल 48 लाख के इनामी नक्सली मारे गए हैं।मुठभेड़ स्थल से एक AK-47, एक SLR, 11 BGL लॉन्चर, एक 12 बोर राइफल, 83 BGL सेल, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, माओवादी साहित्य और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक नारायणपुर  रॉबिनसन गुरिया ने कहा “बस्तर से नक्सलवाद को समाप्त करने के निर्णायक चरण में हम प्रवेश कर चुके हैं। जो लोग इसकी खोखली विचारधारा से भ्रमित हैं और विकास की राह में बाधा बन रहे हैं, उन्हें आत्मसमर्पण कर सम्मानपूर्वक जीवन अपनाना चाहिए। अन्यथा उन्हें इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।”

उप पुलिस महानिरीक्षक कांकेर रेंज अमित तुकाराम कांबले तथा BSF नारायणपुर के उप महानिरीक्षक  पी.के. दुबे ने कहा कि सुरक्षा बलों के निरंतर दबाव के चलते अभूझमाड़ में माओवादियों का आधार कमजोर हो चुका है और क्षेत्र अब समावेशी विकास की दिशा में बढ़ रहा है।

पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पट्टलिंगम ने कहा”पूरे बस्तर संभाग में प्रतिबंधित व अवैध माओवादी संगठन CPI (Maoist) के विरुद्ध एक सशक्त अभियान जारी है। वर्ष 2025 के शुरुआती छह महीनों में ही 204 माओवादी विभिन्न मुठभेड़ों में मारे गए हैं। बस्तर पुलिस इस अभियान की गति को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। मानसून जैसी विषम परिस्थिति में भी यह सफलता सुरक्षा बलों के दृढ़ संकल्प को दर्शाती है कि बस्तर में स्थायी शांति, प्रगति और समृद्धि सुनिश्चित की जाएगी।”

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक  सुंदरराज पट्टलिंगम, पुलिस अधीक्षक नारायणपुर  रॉबिनसन गुरिया तथा BSF, STF और DRG के वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर मारे गए माओवादियों की पहचान और बरामद हथियारों की जानकारी साझा की।

मारे गए माओवादियों की पहचान

1. राहुल पुनेम उर्फ लच्छू (38), गांव डल्ला, जिला सुकमा – PLGA प्लाटून क्रमांक-01 का कमांडर।

2. उंगी टाटी(24), सुरपनागुड़ा, सुकमा।

3. मनीषा (25), वाला, नारायणपुर।

4. टाटी मीना उर्फ सोमरी उर्फ छोटी (22), टोडका, बीजापुर।

5. हरीश उर्फ कोसा (25), कमलापुरम, बीजापुर।

6. कुड़ाम बुधरी (21), मालसकट्टा, नारायणपुर।

इस प्रेसवार्ता   में नवाल सिंह (कमांडेंट, 135वीं बटालियन BSF), एन.एस. कुटियाल (कमांडेंट, 133वीं बटालियन BSF),  आकाश शुक्ला (अपर पुलिस अधीक्षक STF),  अक्षय साबद्रा (अपर पुलिस अधीक्षक, नक्सल ऑप्स)  उप व उप पुलिस अधीक्षकगण -आशीष नेटाम, कुलदीप बंजारे, अमृता पैकरा,  लोकेश बंसल,मनोज मंडावी, अरविंद किशोर खलखो सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, फील्ड कमांडर और जवान भी उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!