


Narayanpur News : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इन दिनों नारायणपुर जिले के दो दिवसीय दौरे पर हैं। मुख्यमंत्री 30 जनवरी को जिले में पहुंचे, जहां उन्होंने विकास, सुरक्षा और शांति का मजबूत संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया, जवानों का मनोबल बढ़ाया और नक्सल प्रभावित इलाकों में भरोसे की नई शुरुआत की।
नारायणपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 351 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 357 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से सड़क, परिवहन, बुनियादी सुविधाओं और ग्रामीण विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास ही स्थायी शांति का सबसे बड़ा माध्यम है।
इस दौरे की सबसे खास तस्वीर तब देखने को मिली, जब मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के साथ बस में सफर किया। यह यात्रा नक्सल प्रभावित रहे कुरुषनार से नारायणपुर तक की थी। कभी इस क्षेत्र में नक्सलवाद के कारण सार्वजनिक परिवहन संभव नहीं था, लेकिन आज मुख्यमंत्री बस सेवा के तहत यहां नियमित बसें संचालित हो रही हैं, जो बदलाव का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री साय ने आईटीबीपी बटालियन परिसर में ITBP, CRPF, कोबरा, BSF, DRG और CAF के जवानों से मुलाकात की। उन्होंने जवानों का हौसला बढ़ाया और स्वयं उन्हें भोजन परोसा। इस दौरान जवानों और उनके परिवारों से भी आत्मीय बातचीत की।
इसके अलावा मुख्यमंत्री 5वें अबूझमाड़ पीस मैराथन में भी शामिल हुए। 21 किलोमीटर लंबी इस मैराथन में 140 आत्मसमर्पित नक्सलियों ने भाग लिया, वहीं देश-विदेश से आए 60 से अधिक विदेशी धावकों की भागीदारी ने इसे ऐतिहासिक बना दिया।































