अंबिकापुर; शहर के सदभावना चौक रिंग रोड स्थित टीटीएस फ्रेश फिश कंपनी के झाला में महिला का शव मिलने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। 3 अप्रैल 2026 को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में कोतवाली थाना, साइबर सेल सहित कुल चार विशेष टीमों का गठन किया। इन टीमों को मृतिका की पहचान करने और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतिका की पहचान कर ली है, जिसकी पुष्टि परिजनों द्वारा भी कर दी गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की, जिसमें मृतिका एक संदिग्ध व्यक्ति के साथ जाती हुई नजर आई।

सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान ‘पांडा उर्फ मिथुन’ के रूप में की है। बताया जा रहा है कि वह मृतिका के संपर्क में था और उसके साथ आना-जाना करता था। घटना के बाद से ही वह फरार है, जिससे उस पर संदेह और गहरा गया है।पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि घटना के बाद आरोपी ने एक अन्य घुमंतु महिला से तंबाकू मांगा था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ तेज कर दी है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। वहीं, सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

सरगुजा पुलिस ने पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

थाना कोतवाली: 9479193508
कंट्रोल रूम अंबिकापुर: 9479193599

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!