

भोपाल। मध्य प्रदेश में राजनीति का रंग अब गैस और पेट्रोलियम संकट तक पहुंच गया है। गुरुवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता गौरव वल्लभ ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता कमलनाथ को राहुल गांधी को ट्यूशन देना चाहिए। गौरव वल्लभ का यह बयान इसलिए आया क्योंकि कमलनाथ ने हाल ही में एलपीजी गैस की कथित कमी को लेकर कांग्रेस के बयान का खंडन कर दिया था।
छिंदवाड़ा में कमलनाथ का बयान
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ छिंदवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बोले कि देश में एलपीजी और पेट्रोलियम उत्पादों की कोई वास्तविक कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि यह केवल वितरण में अव्यवस्था का परिणाम है, जिससे आम लोगों के बीच भ्रम पैदा हुआ। उनके साथ पूर्व सांसद नकुलनाथ भी मौजूद थे।
कमलनाथ ने कहा कि सप्लाई पर्याप्त है, लेकिन सही तरीके से वितरण नहीं होने के कारण जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस मौके पर मोदी सरकार के प्रयासों की भी तारीफ की।
राहुल गांधी पर निशाना
भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने कमलनाथ के बयान को हथियार बनाते हुए कहा कि राहुल गांधी को एलपीजी और पेट्रोलियम संकट के बारे में सही जानकारी के लिए ट्यूशन लेनी चाहिए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि राहुल गांधी को शाम के अलग-अलग घंटे में कमलनाथ, आनंद शर्मा और शशि थरूर से ट्यूशन लेनी चाहिए, ताकि उन्हें देश की विदेश नीति और आपूर्ति प्रबंधन समझ में आए।
जहां एक तरफ कांग्रेस एलपीजी और पेट्रोलियम उत्पादों की कथित कमी को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर हमलावर है, वहीं कमलनाथ ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए किसी भी तरह के संकट से इनकार किया है।

































