मध्यप्रदेश। आधार कार्ड भारत के नागरिकों के लिए सबसे अहम दस्तावेजों में से एक है और आज हर क्षेत्र में इसकी जरूरत महसूस होती है। इसी महत्व को देखते हुए मध्यप्रदेश सरकार 1 अप्रैल 2026 से विद्यार्थियों के लिए नया आधार अपडेट अभियान शुरू करने जा रही है। इस पहल से छात्रों और उनके अभिभावकों को अब लंबे समय तक केंद्रों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।


स्कूलों में ही आधार अपडेट और नामांकन

राज्य शिक्षा केंद्र और स्कूल शिक्षा विभाग UIDAI के सहयोग से प्रदेश के सभी स्कूलों में यह अभियान चलाएंगे। इसके तहत बच्चों के आधार कार्ड स्कूल में ही बनाए जाएंगे या अपडेट किए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य बच्चों के लंबित बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) को पूरा करना है। अब अभिभावकों को अलग से आधार सुधार केंद्रों पर जाने की जरूरत नहीं रहेगी।


500 से अधिक ऑपरेटर्स होंगे तैनात

स्कूल शिक्षा विभाग ने पूरे प्रदेश में लगभग 500 ऑपरेटर्स नियुक्त किए हैं। सभी स्कूलों के प्राचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि UDISE-Plus पोर्टल पर ऐसे विद्यार्थियों की सूची अपडेट करें, जिनका आधार बायोमेट्रिक अपडेट लंबित है, और उनके लिए रोस्टर तैयार करें।


बच्चों के लिए फ्री आधार अपडेट

नियमों के अनुसार बच्चों के लिए दो बार बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य है – पहला 5 साल की उम्र में और दूसरा 15 साल की उम्र में। 15 से 17 साल की उम्र वाले बच्चों के लिए आधार अपडेट पूरी तरह फ्री होगा। इसके बाद की उम्र के लोगों को शुल्क देना पड़ता है।

अपडेटेड आधार कार्ड स्कूल एडमिशन, प्रतियोगी परीक्षाओं, छात्रवृत्ति और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) जैसी योजनाओं में जरूरी है। इसके अलावा, बच्चों की APAAR आईडी बनाना भी आसान हो जाएगा, जिससे बार-बार प्रक्रिया में परेशानी नहीं आएगी।


पहले भी सफल रहा आधार अपडेट अभियान

इससे पहले भी राज्य सरकार ने आधार अपडेट अभियान चलाया था। 2 हजार से अधिक स्कूलों में शिविर लगाए गए, जिसमें 15 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों ने अपना आधार अपडेट कराया। अब यह नया अभियान बचे हुए विद्यार्थियों के लिए सुविधा उपलब्ध कराएगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!