MP News: दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस संगठन पूरी तरह सक्रिय मोड में आ गया है। जिला कार्यकारिणी गठन को लेकर मिले सख्त निर्देशों का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। प्रदेश कांग्रेस ने छिंदवाड़ा, सागर और मऊगंज जिलों की कार्यकारिणी घोषित कर दी है, जबकि 20 अन्य जिलों की कार्यकारिणी के लिए होमवर्क पूरा कर लिया गया है। इन जिलों में जम्बो कार्यकारिणी बनाई जाएगी और अगले तीन से चार दिनों में औपचारिक ऐलान होने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार, जिन 20 जिलों में कार्यकारिणी तैयार है, उनमें मालवा, बुंदेलखंड, ग्वालियर-चंबल और भोपाल संभाग के प्रमुख जिले शामिल हैं। पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए क्षेत्रीय संतुलन, गुटबाजी को साधने और आगामी चुनावी चुनौतियों को ध्यान में रखा जा रहा है। इसी रणनीति के तहत कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी विंध्य, चंबल और मालवा अंचल का दौरा कर रहे हैं। वे स्थानीय नेताओं से बातचीत कर जिलों की कार्यकारिणी को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

MP News के राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 20 फरवरी से पहले सभी जिलों की कार्यकारिणी का गठन कर लिया जाएगा। यह कदम केवल संगठनात्मक औपचारिकता नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर कांग्रेस को फिर से सक्रिय करने और नेतृत्व का स्पष्ट संदेश कार्यकर्ताओं तक पहुंचाने की रणनीति का हिस्सा है। दिल्ली से मिले स्पष्ट संकेतों के बाद प्रदेश कांग्रेस अब फास्ट ट्रैक मोड में नजर आ रही है।

प्रदेश कांग्रेस ने बाकी जिलों की कार्यकारिणी के लिए जिला अध्यक्षों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं से समर्थकों के नाम भेजने को कहा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, 10 फरवरी तक सभी जिलों से नाम PCC को मिल जाएंगे। इसके बाद स्क्रीनिंग कर शेष जिलों की कार्यकारिणी घोषित की जाएगी।

संगठन को और मजबूत करने के लिए ब्लॉक स्तर पर भी कवायद तेज हो गई है। प्रदेश में अभी करीब 200 ब्लॉकों में अध्यक्षों की नियुक्ति बाकी है। इससे पहले कांग्रेस लगभग 800 ब्लॉक अध्यक्ष घोषित कर चुकी है और शेष ब्लॉकों में भी जल्द नियुक्ति की तैयारी की जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!