


सूरजपुर: सूरजपुर जिले के रामनगर एवं नयनपुर के पास रिहन्द नदी पर निर्मित मोहरा ऐनीकट को दुर्घटना संभावित क्षेत्र घोषित करते हुए जल संसाधन विभाग ने वहां चेतावनी सूचना बोर्ड स्थापित कर दिए हैं। विभाग ने ऐनीकट के ऊपर सेल्फी लेने तथा पानी में स्नान करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।
विभागीय जानकारी के अनुसार ऐनीकट के दोनों किनारों – एक ग्राम रामनगर तथा दूसरा ग्राम नयनपुर – में स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, ताकि आने वाले नागरिक व पर्यटक समय रहते सतर्क रह सकें।अधिकारियों ने बताया कि ऐनीकट क्षेत्र में अचानक जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव की संभावना बनी रहती है, जो जानलेवा साबित हो सकती है। विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को ऐसे स्थानों पर लापरवाही न बरतने की सलाह दी गई है।
जल संसाधन विभाग ने कहा कि रोमांच या फोटोग्राफी के उद्देश्य से ऐनीकट पर जाना गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे स्वयं सावधानी बरतें और अपने परिजनों व परिचितों को भी जागरूक करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
मौतों का डरावना आंकड़ा
मोहरा ऐनीकट, जिसका निर्माण 7-8 वर्ष पूर्व करोड़ों की लागत से हुआ था, बीते कुछ वर्षों में लगातार हादसों का केंद्र बना हुआ है। डीडीआरएफ के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार
12 अप्रैल 2023 – 1 व्यक्ति की मौत
19 सितंबर 2023 – 1 बच्चे की मौत
28 सितंबर 2025 – 2 बच्चों की मौत
09 फरवरी 2026 – 2 बच्चों की मौत
वहीं ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों का दावा है कि निर्माण के बाद से अब तक 15-20 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें अधिकांश नाबालिग शामिल हैं। कई बार दो-दो बच्चों की एक साथ मौत की घटनाएं भी सामने आई हैं।
































