

लखनपुर/ प्रिंस सोनी: लखनपुर क्षेत्र के लटोरी ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से जुड़े एक मामले में गड़बड़ी का आरोप सामने आया है। यहां हितग्राही अंजना (पिता उजीत राम) के आवास निर्माण में मनरेगा मजदूरी राशि के गबन की शिकायत कलेक्टर से जनदर्शन में की गई है।
शिकायत के अनुसार, आवास निर्माण कार्य वर्तमान में जारी है और इसके तहत मनरेगा से मजदूरी भुगतान होना था। आरोप है कि ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक ने मजदूरी का मास्टर रोल भरते समय अनियमितता बरती। कुछ मजदूरों को ही भुगतान किया गया, जबकि अधिकांश राशि गांव के ही एक अन्य व्यक्ति के नाम पर मास्टर रोल में दर्ज कर उसके खाते में डाल दी गई।पीड़ित पक्ष का कहना है कि यह गड़बड़ी केवल एक मामले तक सीमित नहीं है, बल्कि रोजगार सहायक द्वारा कई आवास हितग्राहियों के साथ इसी तरह की अनियमितता की गई है।
इस संबंध में पीड़िता के भाई ने कलेक्टर से शिकायत करते हुए मांग की है कि मनरेगा के तहत बकाया मजदूरी राशि जल्द दिलाई जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी रोजगार सहायक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर कितनी जल्दी संज्ञान लेकर जांच करता है और पीड़ितों को न्याय दिलाता है।
































