बलरामपुर/अंबिकापुर:  बलरामपुर जिले में चेक डैम निर्माण में कथित भ्रष्टाचार को लेकर सियासत गरमा गई है। अंबिकापुर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा उस वक्त नाराज हो गईं, जब उनसे निर्माण कार्य में गड़बड़ी को लेकर सवाल पूछा गया।

पत्रकारों ने जब राजपुर और शंकरगढ़ जनपद क्षेत्र में रोजगार गारंटी योजना के तहत बनाए जा रहे चेक डैम में अनियमितताओं पर सवाल उठाया, तो विधायक ने जवाब देने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने तीखे लहजे में कहा कि “यह प्रेस कॉन्फ्रेंस भ्रष्टाचार के सवालों का जवाब देने के लिए नहीं है।”



दरअसल, बलरामपुर जिले में मनरेगा के तहत 30 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से चेक डैम निर्माण कार्य चल रहा है, जिसमें गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई हैं। आरोप है कि कई स्थानों पर वास्तविक लागत से अधिक का एस्टीमेट बनाकर सरकारी राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है।

इस मामले में शिकायत मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच भी की जा चुकी है। बावजूद इसके, विधायक द्वारा इस मुद्दे पर स्पष्ट जवाब नहीं दिए जाने से मामले ने और तूल पकड़ लिया है।

अब देखना होगा कि जांच में क्या सामने आता है और इस पूरे मामले में जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!