जशपुर: जशपुर जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के बारदानों (बोरियों) के गबन के बड़े मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों पर करीब 8 लाख 39 हजार 500 रुपए के 33 हजार 850 नग बारदानों के गबन का आरोप है।

पुलिस के मुताबिक इस मामले में मुख्य आरोपी रिजवान अली (37 वर्ष), निवासी ग्राम देवेल्ला पारा, मानपुर, जिला सूरजपुर और बारदानों के खरीददार सुधीर साहू (42 वर्ष), निवासी अंबिकापुर को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ थाना कांसाबेल में भारतीय दंड संहिता की धारा 408, 420 और 411 के तहत अपराध दर्ज किया गया था।मामले की शुरुआत 8 सितंबर 2025 को हुई, जब जिला विपणन अधिकारी अजय कुमार ठाकुर ने लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2022-23 में पीडीएस बारदानों के संकलन और परिवहन का कार्य अनुबंध के आधार पर रिजवान अली को सौंपा गया था। जांच में सामने आया कि आरोपी ने कांसाबेल विकासखंड की उचित मूल्य दुकानों से बारदानों का संकलन तो किया, लेकिन उन्हें विपणन संघ के गोदाम में जमा नहीं कराते हुए गबन कर लिया।कलेक्टर के निर्देश पर गठित जांच समिति ने पुष्टि की कि आरोपी ने 25 रुपए प्रति नग के हिसाब से कुल 8.39 लाख रुपए मूल्य के बारदानों का गबन किया है। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की और आरोपियों की तलाश शुरू की।पुलिस टीम ने सूरजपुर से रिजवान अली और अंबिकापुर से सुधीर साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन (MP 65-GA-0244) और 4000 नग बारदानों को भी जब्त किया है। मामले में अन्य बारदानों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक अशोक यादव, सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!