


अंबिकापुर: राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वार्षिकोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह–2026 का आयोजन 28 फरवरी 2026 को किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 1:00 बजे से महाविद्यालय ऑडिटोरियम में आयोजित होगा।इस समारोह में मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि सरगुजा संसदीय क्षेत्र के सांसद चिंतामणि महाराज कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। विशेष अतिथियों में विधायक लुंड्रा प्रबोध मिंज, विधायक सीतापुर रामकुमार टोप्पो, अध्यक्ष गृह निर्माण मंडल अनुराग सिंहदेव, अध्यक्ष राज्य युवा आयोग विश्वविजय सिंह तोमर, महापौर नगर पालिक निगम अंबिकापुर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, महाविद्यालय के पूर्व छात्र एवं वर्तमान जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया तथा क्षेत्रीय अपर संचालक उच्च शिक्षा सरगुजा संभाग प्रो. रिजवान उल्ला शामिल रहेंगे।
इस महाविद्यालय के प्राचार्य अनिल सिन्हा ने बताया कि समारोह में सत्र 2022-23, 2023-24 एवं 2024-25 के स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों, क्रीड़ा, एनएसएस और अन्य अकादमिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं और समूहों को भी मेडल, पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि यह बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम पिछले चार वर्षों से आयोजित नहीं हो सका था। इसी कारण इस बार तीन शैक्षणिक सत्रों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को एक साथ सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों, महाविद्यालय के पूर्व छात्रों तथा सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को भी आमंत्रित किया गया है।
































